दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने ने नकली रेबीज वैक्सीन की 481 यूनिट जब्त कीं

वैक्सीन सप्लाई का कनेक्शन कानपुर की एक ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग फर्म से जुड़ा
नकली दवाओं के जरिए लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ हमारी सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी- स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह
नई दिल्ली (22 सितंबर, 2026)। दिल्ली के माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने भागीरथ पैलेस स्थित एक फर्म पर प्रवर्तन की कार्रवाई के दौरान लगभग 2 लाख रुपए कीमत की नकली रेबीज वैक्सीन की 481 यूनिट जब्त की है।
दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की इस कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि नकली और मिलावटी दवाइयां बेचने वालों के खिलाफ हमारी सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। रेबीज एक गंभीर और कई मामलों में जानलेवा बीमारी है। इसलिए रेबीज वैक्सीन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जा सकता। इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ ‘ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940’ के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

एनफोर्समेंट ड्राइव के दौरान ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की एक टीम ने राजधानी दिल्ली के भागीरथ पैलेस में तीन परिसरों की गहन तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान फर्म की बिक्री परिसर और गोदाम से Rabies Vaccine, Human I.P. (Purified Vero Cell Rabies Vaccine) – (Abhayrab) वैक्सीन की नकली 481 यूनिट बरामद हुईं। वैक्सीन की मूल निर्माता कंपनी M/s ह्यूमन बायोलॉजिकल इंस्टीट्यूट, तेलंगाना ने पुष्टि की है कि संबंधित वैक्सीन का बैच नंबर नकली है और यह बैच कंपनी द्वारा जारी नहीं किया गया था।
ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की टीम ने लैब टेस्ट और परीक्षण के लिए 120 वायल के नमूने आगे की जांच के लिए कस्टडी में लिया हैं। बाकी 361 यूनिट वैक्सीन और सात खरीद चालानों (Purchase Invoices) को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 22(1) (C) और 22(1) (CC) के तहत जब्त किया गया है। और सभी नमूनों को आगे की जांच और सैंपल को एनालिसिस के लिए कसौली स्थित सीआरआई सेंटर में भेजा गया है।
जब्त स्टॉक की जांच के दौरान भागीरथ पैलेस स्थित फर्म ने बताया कि उसने कथित नकली वैक्सीन कानपुर की एक एजेंसी से खरीदी थी। इसके बाद दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश के ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट के साथ साझा की। यूपी ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने कानपुर स्थित एजेंसी समेत दो स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। जांच में कानपुर की एजेंसी ने राजधानी दिल्ली में नकली वैक्सीन की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आगे कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। इस गैर-कानूनी काम में शामिल और नकली दवाओं के पूरे नेटवर्क का पता लगाने, जब्त दवाओं के स्रोत और वितरण चेन का पता लगाने के साथ दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई चल रही है। दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट जब्त दवाओं के स्टॉक को अपनी कस्टडी में लेकर ‘ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट-1940’ के कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई करने में जुटा है।
Share this content:



Post Comment