अखिलेश की एक पोस्ट… और यूपी गठबंधन की बयानबाज़ी पर सियासी संदेश की चर्चा!

दिल्ली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर नेताओं के बीच बयानबाज़ी लगातार तेज़ है। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है।
अखिलेश यादव ने लिखा: “जिसकी बात का कोई मान हो, वही बोले तो बयान का भी मान रहता है और व्यक्ति का भी।”
अखिलेश ने अपनी पोस्ट में किसी नेता का नाम नहीं लिया। लेकिन यह पोस्ट ऐसे समय आई है जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, सपा सांसद इक़रा हसन और कांग्रेस नेता आसिम वक़ार के बीच गठबंधन को लेकर बयान और पलटवार सामने आए हैं।
इमरान मसूद ने गठबंधन को जल्द स्पष्ट करने की बात कही थी। इसके बाद इक़रा हसन ने कहा कि यूपी में भाजपा का मुक़ाबला करने के लिए अखिलेश यादव ही सक्षम हैं और कांग्रेस अकेले चुनाव लड़कर कुछ नहीं कर पाएगी। इसके जवाब में आसिम वक़ार ने इकरा हसन की राजनीतिक अनुभवहीनता का हवाला देते हुए कांग्रेस-सपा गठबंधन की भूमिका पर सवाल उठाया।
अब अखिलेश की इस पोस्ट को इन बयानों के बीच एक अप्रत्यक्ष राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पोस्ट में अखिलेश यादव ने किसी नेता का नाम लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है।
Share this content:



Post Comment