संजय दत्त ने वायरल बयान पर दी सफाई, ‘मुन्नाभाई’ अंदाज़ में दिए बयान के बाद संजय दत्त का आया स्पष्टीकरण!

मुंबई/दिल्ली: अभिनेता संजय दत्त ने गांधी जयंती के मौक़े पर एक शो में दिए अपने बयान को लेकर सफाई दी है। उनके ‘मुन्नाभाई’ अंदाज़ में दिए राजनीतिक व्यंग्य और भारत में शांति को लेकर की गई टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा में रही।
संजय दत्त ने कहा कि उनकी टिप्पणियां एक स्क्रिप्टेड और हल्की-फुल्की बातचीत का हिस्सा थीं। उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना या उनका अनादर करना नहीं था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बयान के पीछे वही हास्य और व्यंग्य की भावना थी, जो ‘मुन्नाभाई’ फिल्मों में दिखाई गई है। संजय दत्त ने ख़ास तौर पर ‘गांधीगिरी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका संदेश प्यार, अपनापन, एकजुटता और सद्भावना से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि अफ़सोस है कि उनकी बातों को मूल संदर्भ से अलग तरीक़े से समझा गया।
ग़ौरतलब है कि, इससे पहले शो में संजय दत्त ने पांच मिनट के लिए ख़ुद को प्रधानमंत्री मानते हुए ‘मुन्नाभाई’ अंदाज़ में राजनीतिक व्यंग्य किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप, विदेश यात्राओं तथा टैरिफ जैसे मुद्दों पर हास्यपूर्ण टिप्पणियां की थीं।
Share this content:



Post Comment