वायरल वीडियो पर संजय सिंह की नसीहत, कहा; अफवाह न फैलाएं, ख़बर चलाने से पहले संदर्भ जानें

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक पत्रकार को नसीहत दी है।
दरअसल, एक पत्रकार ने X पर प्रियंका गांधी के साथ संजय सिंह का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि उत्तर प्रदेश में कुछ बड़ा होने वाला है। साथ ही चुनावी माहौल का हवाला देते हुए सवाल उठाया गया कि क्या संजय सिंह आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं?
इस पोस्ट पर जवाब देते हुए संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो ‘One Nation, One Election’ से जुड़ी JPC (संयुक्त संसदीय समिति) की बैठक से बाहर निकलने के दौरान का है। उन्होंने बताया कि वह और प्रियंका गांधी इस समिति के सदस्य हैं और उसी बैठक से बाहर आ रहे थे।
संजय सिंह ने पत्रकार को नसीहत देते हुए कहा कि किसी वीडियो को लेकर ख़बर या टिप्पणी करने से पहले उसके स्थान और संदर्भ की जानकारी कर लेनी चाहिए।
उन्होंने अपने जवाब में कहा;
“आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि ये JPC की मीटिंग थी। हम दोनों उसमें कमेटी में हैं और उसी मीटिंग से बाहर आ रहे थे। अफवाह न फैलाएं, अफवाहों से बचें।”
यानी संजय सिंह ने वायरल वीडियो पर कोई राजनीतिक घोषणा या सफाई देने के बजाय, उसके संदर्भ को स्पष्ट करते हुए अफवाहों से बचने और सही जानकारी के साथ ख़बर चलाने की नसीहत दी।
Share this content:



Post Comment