नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में पैदा हुए ‘खजांची’ का अखिलेश यादव ने मनाया 10वां जन्मदिन, सपा नेताओं ने दिया 1.85 लाख रुपये का तोहफा
अखिलेश यादव बोले- भाजपा को नोटबंदी का एक दशक याद करना चाहिए, यह उसकी नाकामयाबी के दस साल हैं; खजांची का जन्मदिन हर साल मनाती है समाजवादी पार्टी

लखनऊ, 11 नवंबर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में बुधवार को नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में लगने के समय पैदा हुए खजांची का 10वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ खजांची को जन्मदिन की बधाई दी और उपहार भेंट किए। पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मिलकर उसे कुल 1 लाख 85 हजार रुपये की धनराशि भी उपहार स्वरूप दी। कार्यक्रम में खजांची की मां और भाई सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर साल खजांची का जन्मदिन मनाती है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि खजांची का जन्मदिन भाजपा को मनाना चाहिए और उसे गोद लेना चाहिए, लेकिन इस तरह नहीं जैसे भाजपा नेताओं ने गांवों को गोद लेकर बाद में अनाथ छोड़ दिया।

अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दस साल पूरे होने के संदर्भ में केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी भाजपा की नाकामयाबी के दस साल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी सरकार के भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुई और इसके समय घोषित किए गए लक्ष्य पूरे नहीं हुए। उनके मुताबिक, नोटबंदी के कारण किसान, व्यापारी, रेहड़ी-पटरी वाले, छोटे दुकानदार और कारखाने प्रभावित हुए। कई कारखाने बंद हो गए और दोबारा शुरू नहीं हो सके।

सपा अध्यक्ष ने बैंकिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नोटबंदी के बहाने नोट बदलने के खेल ने बैंकिंग सिस्टम को प्रभावित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंकों द्वारा पेनाल्टी के नाम पर लोगों के खातों से पैसे काटे जा रहे हैं।
उन्होंने 2047 तक विकसित भारत बनाने के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि नोटबंदी के नकारात्मक फैसले ने देश को 1947 से भी पीछे कर दिया।
कार्यक्रम में ये नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक इन्द्रजीत सरोज, सांसद आर.के. चौधरी, आनन्द भदौरिया, लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद और पुष्पेन्द्र सरोज, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक संदीप पटेल, पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, सीमा राजभर, अवलेश सिंह, कृष्ण कन्हैया पाल और सिकन्दर यादव सहित पार्टी के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Share this content:



Post Comment