मुंबई में मेगा यूनिटी जॉब फेयर में 135 उम्मीदवारों का चयन एवं शॉर्टलिस्ट

मुंबई, रविवार, 30 अगस्त 2026:
रोज़गार, युवाओं के सशक्तिकरण और सामुदायिक सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल्स (AMP) ने पीर मखदूम साहब चैरिटेबल ट्रस्ट (माहिम दरगाह), अमीन पटेल फाउंडेशन, हमदर्द लर्निंग एंड वेलफेयर सोसाइटी, बॉम्बे कैथोलिक सभा
(BCS), संघकाया फाउंडेशन और वर्ल्ड इंटरफेथ हार्मनी यूनिटी मिशन (WIHUM) के सहयोग से मुंबई पब्लिक स्कूल, नागपाड़ा में यूनिटी जॉब फेयर का आयोजन किया।

सभी समुदायों के उम्मीदवारों के लिए खुले इस जॉब फेयर में रविवार होने के बावजूद 50 कंपनियों ने भाग लिया और 500 से अधिक इंटरव्यू लिए। इनमें से 135 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट एवं रोजगार के लिए चयनित किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर
बनने और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर मिला।कार्यक्रम का उद्घाटन श्री अमीन पटेल, विधायक एवं अध्यक्ष – अमीन पटेल फाउंडेशन ने किया। इस अवसर पर श्री आमिर इदरीसी, अध्यक्ष AMP; श्री जावेद जुनेजा, पूर्व नगरसेवक, तथा विभिन्न संस्थाओं के कई गणमान्य अतिथि और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्री अमीन पटेल ने कहा, “रोज़गार युवाओं को सशक्त बनाने और सम्मानजनक जीवन देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।मुझे खुशी है कि मैं इस यूनिटी जॉब फेयर से जुड़ा हूँ। यह न केवल हमारे युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर पैदा करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सामाजिक हित के लिए विभिन्न संस्थाएं और समुदाय एक साथ आ सकते हैं। ऐसी पहलों को प्रोत्साहित कर बड़े स्तर पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।”
AMP के अध्यक्ष श्री आमिर इदरीसी ने कहा, “AMP हमेशा से मानता रहा है कि शिक्षा और रोज़गार सामाजिक बदलाव के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यूनिटी जॉब फेयर इसलिए खास है क्योंकि यह विभिन्न समुदायों के लोगों और संस्थाओं को युवाओं के लिए अवसर और सद्भाव पैदा करने के एक साझा उद्देश्य से जोड़ता है। हम अपने सभी सहयोगियों, कंपनियों, स्वयंसेवकों और मर्थकों के आभारी हैं, जिन्होंने इस पहल को सफल बनाया।”

माहिम दरगाह एवं हाजी अली दरगाह ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री सुहैल खांडवानी ने कहा, रोज़गार केवल आजीविका कमाने का माध्यम नहीं है; यह हमारे युवाओं को सम्मान,आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की उम्मीद देने का भी माध्यम है। यूनिटी जॉब फेयर जैसी पहलें दिखाती हैं कि जब संस्थाएं और समुदाय एक उद्देश्य के साथ साथ आते हैं, तो हम सार्थक अवसर पैदा करने के साथ-साथ एकता और सद्भाव के रिश्तों को भी मजबूत कर सकते हैं।”
BCS के पूर्व अध्यक्ष श्री डॉल्फी डिसूज़ा ने ऐसी पहलों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा “रोज़गार की स्थिति चुनौतीपूर्ण है। जिम्मेदार नागरिकों के रूप में एकजुट होकर ही हम अपने युवाओं को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। यूनिटी जॉब फेयर इसी दिशा में एक सराहनीय कदमहै।”

विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्थाओं की भागीदारी ने इस कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया। इसने यह संदेश मजबूत किया कि रोज़गार, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक प्रगति ऐसी साझा जिम्मेदारियां हैं, जो धर्म और सामाजिक सीमाओं से ऊपर हैं।आयोजकों ने भाग लेने वाली कंपनियों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों और इस जॉब फेयर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
यूनिटी जॉब फेयर ने एक बार फिर साबित किया कि जब विभिन्न समुदाय समाज की सेवा के साझा उद्देश्य के साथ हाथ मिलाते हैं, तो वे न केवल रोज़गार के अवसर पैदा कर सकते हैं, बल्कि आपसी समझ, मित्रता और एकता के मजबूत पुल भी बना सकते हैं।
Share this content:



Post Comment