Saikoon Khan Alwar murder

अलवर: थाने के बाहर सैकून ख़ान की हत्या, परिवार ने सांप्रदायिक एंगल का आरोप लगाया; पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया!

Saikoon-Khan-819x1024 अलवर: थाने के बाहर सैकून ख़ान की हत्या, परिवार ने सांप्रदायिक एंगल का आरोप लगाया; पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया!

अलवर, राजस्थान: अलवर ज़िले के बड़ौदामेव में 24 सितंबर की सुबह 40 वर्षीय सैकून ख़ान की पुलिस थाने के बाहर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। सैकून ख़ान बरवास गांव के रहने वाले थे और बाइक के लिए टायर ख़रीदने बाज़ार गए थे।

रिपोर्टों के मुताबिक़, बड़ौदामेव पुलिस थाने के गेट के पास एक युवक ने उन पर हमला किया और सिर पर भारी पत्थर से कई वार किए। गंभीर हालत में सैकून को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिवार का आरोप है कि सैकून की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और उनकी दाढ़ी-टोपी से उनकी मुस्लिम पहचान स्पष्ट थी। परिवार ने आशंका जताई है कि इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। परिजनों ने यह सवाल भी उठाया कि घटना पुलिस थाने के बाहर हुई, फिर पुलिसकर्मी समय रहते उन्हें क्यों नहीं बचा सके।

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

अलवर पुलिस के मुताबिक़ घटना के बाद 21 वर्षीय आरोपी हर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके ख़िलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को अलग कर हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

Additional SP प्रियंका रघुवंशी के अनुसार, पुलिस को फिलहाल ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है जिससे इसे सांप्रदायिक या हेट क्राइम कहा जा सके। पुलिस आरोपी के असामान्य व्यवहार को देखते हुए उसका मेडिकल परीक्षण करा रही है, ताकि उसकी मानसिक स्थिति के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सके।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी घटना से पहले पुलिस थाने के अंदर था या नहीं। पुलिस के मुताबिक़ जिस स्थान पर सैकून पर हमला हुआ, वह थाने के अंदर से सीधे दिखाई नहीं देता था और पुलिसकर्मी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौक़े पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों और परिवार ने घटना के विरोध में प्रदर्शन कर आरोपी के ख़िलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार को मुआवज़ा देने की मांग की है।

फिलहाल हत्या का आरोपी पुलिस गिरफ्त में है और मामले की जांच जारी है। सैकून ख़ान को उनकी मुस्लिम पहचान के कारण निशाना बनाया गया था या हत्या के पीछे कोई दूसरा कारण था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Pawan-Khera-on-Alwar-Murder-820x1024 अलवर: थाने के बाहर सैकून ख़ान की हत्या, परिवार ने सांप्रदायिक एंगल का आरोप लगाया; पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया!

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने अलवर हत्याकांड पर उठाए सवाल!

नई दिल्ली/अलवर: कांग्रेस राज्यसभा सांसद नेता पवन खेड़ा ने राजस्थान के अलवर में सैकून ख़ान की हत्या को लेकर BJP और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस स्टेशन के ठीक बाहर एक व्यक्ति की पत्थर से हत्या हो गई और उसे बचाने के लिए पुलिस क्यों नहीं पहुंची?

खेड़ा ने घटना को नफ़रत की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि सैकून की मुस्लिम पहचान को लेकर परिवार के आरोप बेहद गंभीर हैं और इसकी ज़िम्मेदारी तय होनी चाहिए।

Share this content:

You May Have Missed