भारत ने मानवीय मदद के तौर पर अफ़ग़ानिस्तान को भेजी दवाओं की खेप

28Sep-2026 (MNN):
नई दिल्ली: भारत की तरफ़ से अफ़गानिस्तान के लिए मानवीय सहायता का एक और खेप काबुल पहुंच चुकी है। इसमें सरकारी अस्पतालों के लिए जीवनरक्षक दवाइयां और ज़रूरी चिकित्सा सामग्री शामिल है।भारत ने कहा है कि अफ़गान जनता को दी जा रही उसकी मानवीय सहायता में स्वास्थ्य सेवाएं प्राथमिकता में हैं।
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को दी जा रही मानवीय मदद के तहत रविवार को काबुल में जीवनरक्षक दवाइयों और मेडिकल सामानों की एक और खेप पहुंचाई।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी दी कि अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के लिए भारत की मानवीय सहायता लगातार जारी है। भारत से भेजी गई एक और खेप काबुल पहुंच चुकी है, जिसमें वहां के एक सरकारी अस्पताल के लिए जीवनरक्षक दवाइयां और ज़रूरी मेडिकल सामान शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान के लोगों को दी जा रही मदद में स्वास्थ्य सेवा हमेशा प्राथमिकता पर रही है।

यह कदम अफ़ग़ानिस्तान को ज़रूरी दवाइयां, राहत सामग्री और अन्य सहायता पहुंचाने की भारत की लगातार कोशिशों का हिस्सा है। इससे पहले 20 अगस्त को भी भारत ने काबुल के एक सरकारी अस्पताल में दवाइयां और मेडिकल उपकरण सौंपे थे और अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी साझेदारी दोहराई थी।
विदेश मंत्रालय ने पोस्ट में लिखा था, “अफ़ग़ानिस्तान की स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत करते हुए! अफ़ग़ानिस्तान के मित्रवत लोगों के साथ अपनी दीर्घकालिक साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए, भारत काबुल के सरकारी अस्पताल में दवाइयां और मेडिकल सामान उपलब्ध करा रहा है।”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले भी कहा था कि भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच बहुत पुराने और गहरे ऐतिहासिक रिश्ते हैं, और पिछले एक साल में दोनों देशों के आपसी संबंधों में और गति आई है।
Share this content:



Post Comment