रेसकोर्स मस्जिद की बिजली-पानी आपूर्ति बहाल करने की मांग, दिल्ली वक्फ बोर्ड ने NDMC चेयरमैन को लिखा पत्र

नई दिल्ली: राजधानी स्थित ऐतिहासिक रेसकोर्स मस्जिद की बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली वक़्फ बोर्ड ने नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के चेयरमैन को पत्र लिखा है। वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) तनवीर अहमद ने 21 अक्टूबर को भेजे पत्र में मस्जिद की बिजली-पानी व्यवस्था को तत्काल बहाल करने की मांग की है।
वक़्फ बोर्ड के मुताबिक़, 7 अक्टूबर को मस्जिद के आसपास मौजूद झुग्गियों और कुछ मकानों के ख़िलाफ हटाने की कार्रवाई की गई थी। बोर्ड का आरोप है कि इसी कार्रवाई के दौरान मस्जिद की बिजली और पानी की आपूर्ति भी बिना किसी पूर्व सूचना के काट दी गई।
करीब 300 साल पुरानी है मस्जिद
बोर्ड ने अपने पत्र में कहा है कि रेसकोर्स मस्जिद और उससे संबंधित क़ब्रिस्तान 8 सितंबर 1977 के दिल्ली प्रशासन के राजपत्र में अधिसूचित वक़्फ संपत्ति के रूप में दर्ज हैं और इनका प्रबंधन दिल्ली वक़्फ बोर्ड के अधीन है।
बोर्ड ने यह भी उल्लेख किया है कि:
मस्जिद करीब 300 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक इमारत है।
1 अक्टूबर 2009 को दिल्ली के उपराज्यपाल के आदेश से जारी अधिसूचना के तहत इसे NDMC की हेरिटेज सूची में क्रमांक 22 पर शामिल किया गया है।
संपत्ति UMEED पोर्टल पर भी पंजीकृत है।
1976 से बिजली कनेक्शन होने का दावा
वक्फ बोर्ड के अनुसार, मस्जिद में 1976 से वैध बिजली कनेक्शन मौजूद है। पत्र में यह भी कहा गया है कि मस्जिद की संपत्ति को लेकर किसी अदालत में कोई क़ानूनी विवाद लंबित नहीं है।
बोर्ड के मुताबिक़, मस्जिद के इमाम ने बिजली-पानी की समस्या की जानकारी बोर्ड को दी थी। इसके बाद बोर्ड ने NDMC से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और संबंधित अधिकारियों को बिजली एवं पानी की आपूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
वक़्फ बोर्ड ने कहा है कि बिजली-पानी की सुविधा बाधित होने से मस्जिद में पांच वक्त की नमाज़ और दैनिक धार्मिक गतिविधियों के संचालन में परेशानी हो रही है।
पत्र की प्रतियां केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, दिल्ली के संभागीय आयुक्त और नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट (DM) को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।

दिल्ली की ऐतिहासिक मस्जिद को लेकर अमानतुल्लाह ख़ान का बड़ा बयान
आम आदमी पार्टी के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह ख़ान ने कहा कि दिल्ली के रेस कोर्स की ऐतिहासिक मस्जिद पूरी तरह महफ़ूज़ है और इंशाल्लाह आगे भी महफ़ूज़ रहेगी।
उन्होंने बताया कि मस्जिद के संबंध में आज CEO दिल्ली वक़्फ़ बोर्ड, LNDO और NDMC के वरिष्ठ अधिकारियों से उनकी बातचीत हुई है।
Share this content:



Post Comment