त्योहारी सीजन से पहले फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने राजधानी दिल्ली में सात बेकरी इकाइयों और खुदरा दुकानों का निरीक्षण किया


निरीक्षण के दौरान 10 खाद्य नमूने एकत्र किए गए, जांच के बाद स्वच्छता और नियमों के पालन में सुधार के लिए दो प्रतिष्ठानों को सुधार करने के लिए नोटिस जारी करने की सिफारिश
दिल्ली के हर नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, सभी खाद्य व्यवसाय चलाने वाले कारोबारियों को निर्धारित स्वच्छता मानक और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं- स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह
दिनांक: 28 अक्टूबर, 2026
नई दिल्ली ( 28 अक्टूबर, 2026)। दिल्ली के माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर दिल्ली सरकार के फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने त्योहारी सीजन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में बेकरी निर्माण इकाइयों और खुदरा दुकानों पर एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस ड्राइव के तहत कुल सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, ताकि वहां स्वच्छता मानकों और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों के पालन का जायजा लिया जा सके।
त्योहारी सीजन के दौरान घरों में उपयोग के साथ ही उत्सवों और गिफ्ट देने के लिए बेकरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों की सुरक्षा, साफ-सफाई और खाद्य कारोबारियों द्वारा निर्धारित नियमों के पालन की जांच करना और आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीमों ने निरीक्षण के दौरान राजधानी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश II, कैलाश कॉलोनी, कनॉट प्लेस, शकूरबस्ती, पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र और मायापुरी में स्थित प्रतिष्ठानों का दौरा किया।
इस ड्राइव के दौरान फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने खाद्य पदार्थों के कुल 10 नमूने एकत्रित किए, जिनमें कानूनी प्रक्रिया और सर्विलांस दोनों तरह के नमूने शामिल थे। इन नमूनों में कुकीज़, बिस्कुट, पनीर, लो-फैट क्रीम, डार्क कंपाउंड, मेथी मठरी और मलाई सेव शामिल हैं। नमूने लेने का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा का आकलन करना और खाद्य कारोबारियों द्वारा निर्धारित मानकों के पालन की बारीकी से जांच करना था।
नमूने लेने के साथ-साथ निरीक्षण टीमों ने ऑनलाइन निरीक्षण प्रक्रिया के तहत भी जांच की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार साफ-सफाई, स्वच्छता और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। साथ ही निर्माण इकाइयों के साथ खुदरा दुकानों पर लागू मानकों के पालन पर विशेष ध्यान दिया गया।

निरीक्षण के दौरान पाई गई स्थितियों के आधार पर पटपड़गंज स्थित हनी एंड डो (Honey & Dough) और मायापुरी स्थित सतगुरु एजेंसीज (Satguru Agencies) के परिसर का आकलन करने के बाद इन परिसरों में सुधार नोटिस जारी करने की सिफारिश की गई है।
त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य सुरक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि त्योहार खुशियों और उत्सव मनाने का समय होते हैं। इस दौरान परिवारों द्वारा खाने-पीने की वस्तुएं अपने उपयोग, मेल-मिलाप और उपहार देने के लिए खरीदी जाती हैं। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि खाद्य पदार्थों को पूरी साफ-सफाई के साथ तैयार किया जाए, सुरक्षित तरीके से रखा जाए और बेचा जाए। दिल्ली सरकार खाद्य सुरक्षा की निगरानी को और अधिक मजबूत करने के साथ यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि खाद्य कारोबार से जुड़े लोग उपभोक्ताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं।
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान जब खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। तब निरीक्षण, सैंपलिंग और नियमों के पालन की जांच पर अपना ध्यान केंद्रित रखना जारी रखेगा। इन प्रयासों का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा से जुड़ी अच्छी आदतों को बढ़ावा देना और यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली का हर नागरिक भरोसे के साथ खाद्य पदार्थ खरीद सकें और उनका सेवन कर सकें।
दिल्ली सरकार ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखें, खाद्य सुरक्षा से संबंधी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करें और यह भी सुनिश्चित करें कि उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य पदार्थ सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप हों।
Share this content:



Post Comment