आज़म ख़ान को डासना जेल से अज्ञात स्थान पर ले जाने की सूचना, अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

लखनऊ/गाज़ियाबाद, 12 नवंबर 2026: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म ख़ान को लेकर गुरुवार को राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि आज़म ख़ान को गाज़ियाबाद की डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने प्रशासन से मांग की कि आज़म ख़ान के स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा,
“ये समाचार मिला है कि आदरणीय आज़म ख़ान साहब को प्रशासन द्वारा गाज़ियाबाद की डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है। ये प्रशासन की ज़िम्मेदारी है कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए, कोई भी लापरवाही न बरती जाए।”
ED की हिरासत में भेजे जाने का अदालत ने दिया आदेश:
दरअसल, आज़म ख़ान मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद डासना जेल में बंद थे। 12 नवंबर को गाज़ियाबाद की विशेष PMLA अदालत ने ED को आज़म ख़ान की चार दिन की कस्टडी रिमांड दे दी। यह रिमांड 12 नवंबर शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर शाम 4:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ED अधिकारियों ने उन्हें पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित ED मुख्यालय ले जाने की बात कही है। वहीं, कुछ रिपोर्टों में शुक्रवार को लखनऊ ले जाए जाने की संभावना भी जताई गई है।
इससे पहले गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी डासना जेल पहुंचकर आज़म ख़ान से मुलाक़ात की थी। मुलाक़ात के बाद शिवपाल यादव ने जेल में उनके साथ कथित उत्पीड़न का आरोप लगाया और कहा कि अब उन्हें न्यायालय से ही राहत की उम्मीद है।
अखिलेश यादव की ताज़ा पोस्ट के बाद आज़म ख़ान की सुरक्षा, स्वास्थ्य और ED की आगे की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज़ हो गई है।
The Pillar India
Share this content:



Post Comment