फतेहगढ़ साहिब से ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आप सरकार पर साधा निशाना
‘आप’ सरकार ने तोड़ा पंजाब का भरोसा, नशे के नेटवर्क पर तय हो जवाबदेही: सीएम रेखा गुप्ता
‘आप’ के दिल्ली मॉडल के दावों की हवा निकली, पांच साल बाद पंजाब की जनता मांग रही जवाब:रेखा गुप्ता

फतेहगढ़ साहिब/नई दिल्ली, 19 सितंबर 2026
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को पंजाब के ऐतिहासिक एवं पवित्र फतेहगढ़ साहिब की धरती से भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दूसरे चरण को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। यात्रा की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में मत्था टेककर वीर साहिबजादों और माता गुजरी जी की शहादत को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की यह पवित्र धरती साहस, त्याग और बलिदान की धरती है। छोटे साहिबजादों ने अत्याचार के सामने झुकने से इनकार किया था। आज पंजाब का युवा भी नशे के इस दानव और ड्रग माफिया के सामने न रुकेगा और न झुकेगा। आज इस पावन धरती से पंजाब की जनता की बुलंद आवाज उस व्यवस्था तक पहुंचनी चाहिए, जो नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में विफल रही है। आज पंजाब खड़ा हो गया है और नशे के खिलाफ बुलंद हो गया है।

नशे से प्रभावित परिवारों से मिलीं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले नशे से प्रभावित परिवारों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि इन परिवारों का दर्द केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज की पीड़ा है। माताओं की आंखों में आंसू हैं, पिता अपने बच्चों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अनेक परिवारों का सामाजिक एवं आर्थिक जीवन इससे प्रभावित हुआ है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर परिवार, हर गांव और पूरे समाज की लड़ाई है। पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें शिक्षा, रोजगार, खेल तथा विकास के अवसरों से जोड़ना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता से वर्षों से नशे के खिलाफ कार्रवाई के वादे किए जाते रहे, लेकिन समस्या अभी भी गंभीर बनी हुई है। वर्ष 2022 में तीन-चार महीने में नशा खत्म करने के वादे किए गए थे। आज जनता पूछ रही है, क्या नशा खत्म हुआ? तारीख पर तारीख देने के बजाय अब ठोस कार्रवाई और जवाबदेही की आवश्यकता है।

आप सरकार पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नशे के नेटवर्क को रोकने में सरकार की विफलता ने पंजाब के परिवारों का भरोसा तोड़ा है। यदि नशा खुले तौर पर गलियों और मोहल्लों तक पहुंच रहा है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) की व्यवस्था ने पंजाब की जनता से किए वादों के अनुरूप परिणाम नहीं दिए। दिल्ली में आप सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों और कथित घोटालों को लेकर भाजपा लगातार सवाल उठाती रही है और अब पंजाब की जनता भी शासन, कानून-व्यवस्था, नशे तथा भ्रष्टाचार को लेकर जवाब मांग रही है। इन आरोपों को आप ने अतीत में राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए खारिज किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने दिल्ली में बड़े-बड़े मॉडल की बातें कीं, आज पंजाब की जनता उनसे पूछ रही है कि पांच साल बाद पंजाब कहां खड़ा है। नशे के खिलाफ कार्रवाई कहां है? युवाओं की सुरक्षा कहां है? परिवारों को न्याय और राहत कब मिलेगी? उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था और गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि नशा, अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक साथ निर्णायक कार्रवाई जरूरी है।

’पंजाब अकेला नहीं है, पूरा देश साथ खड़ा है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को नशे से मुक्त कराने की लड़ाई में पंजाब की जनता अकेली नहीं है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश को नशे के खिलाफ मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पंजाब के साथ पूरा देश खड़ा है। नशे के खिलाफ शुरू हुई यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब के घर-घर तक जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश लेकर जाएगी। भाजपा की चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राएं’ राज्य के विभिन्न हिस्सों से निकलकर व्यापक जनसंपर्क करेंगी और अभियान के तहत सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने का कार्यक्रम है।
‘नशे के खिलाफ होगा निर्णायक संघर्ष’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष का रास्ता दिखाया है। फतेहगढ़ साहिब की शहादत की धरती से आज यही संकल्प लिया जा रहा है कि पंजाब को नशे, भय, अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्त कराकर फिर से समृद्ध और खुशहाल पंजाब बनाया जाएगा। यह यात्रा केवल 12 या 13 दिनों की यात्रा नहीं है। यह उस जनजागरण की शुरुआत है, जो पंजाब के हर घर तक पहुंचेगा। अब डरने की जरूरत नहीं है। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले हर परिवार के साथ हम खड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने पंजाब की जनता से आह्वान किया कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और अपने युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए एकजुट हों। उन्होंने कहा कि अब याचना नहीं, रण होगा। यह संग्राम नशे के खिलाफ होगा। पंजाब को नशा मुक्त बनाने का संकल्प होगा। हम न रुकेंगे, न झुकेंगे।
कार्यक्रम में पंजाब भाजपा अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों, भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री सतीश पूनिया, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मनप्रीत सिंह बादल, वरिष्ठ नेता श्री अविनाश राय खन्ना, विधायक श्री अश्विनी शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री परमिंदर बराड़, श्री राजेश बाघा, जिला अध्यक्ष श्री दीदार सिंह भट्टी सहित अनेक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Share this content:



Post Comment