कानपुर से गिरफ्तार युवक का बड़ा साइबर नेटवर्क! 22 लाख Gmail ID बेचने का आरोप

उत्तर प्रदेश ATS ने कानपुर के घाटमपुर निवासी अंकित शंखवार को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर बड़ी संख्या में फ़र्ज़ी Gmail अकाउंट तैयार कर पाकिस्तान, बांग्लादेश समेत कई देशों में बैठे लोगों को बेचता था।जांच एजेंसियों को उसके लैपटॉप और मोबाइल से लाखों ईमेल आईडी का डिजिटल डेटा मिला है। शुरुआती जांच में क़रीब 5 लाख आईडी मिली थीं, जबकि आगे की फॉरेंसिक जांच में 17 लाख अतिरिक्त आईडी का पता चला। कुल संख्या क़रीब 22 लाख बताई जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए ATS ने Google को पत्र लिखकर संदिग्ध ईमेल अकाउंट बंद करने का अनुरोध किया है।जांच में इन ईमेल आईडी का इस्तेमाल दिल्ली-NCR, गुरुग्राम, नोएडा और मुंबई सहित कई शहरों में स्कूलों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और अन्य स्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां भेजने के मामलों से जुड़ने की बात सामने आई है।एजेंसियां अब पाकिस्तान, बांग्लादेश और अन्य देशों में बैठे ख़रीदारों, विदेशी संपर्कों और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए हुए लेनदेन की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।सवाल सिर्फ फर्ज़ी ईमेल आईडी बनाने का नहीं, बल्कि इनके ज़रिए देश में धमकी और साइबर अपराध के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का है।
Share this content:



Post Comment