आज़म ख़ान को रिहाई के तुरंत बाद ED ने हिरासत में लिया
बोले- अब कहने को बचा क्या है?

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आज़म ख़ान की जेल से रिहाई के कुछ ही मिनट बाद नया घटनाक्रम सामने आया। शनिवार, 31 अक्टूबर को रामपुर जिला जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया और अपने साथ रवाना हो गई।आज़म ख़ान क़रीब 11 महीने से रामपुर जेल में बंद थे। उनके साथ उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म भी जेल में थे। दोनों को फर्जी पासपोर्ट और दो पैन कार्ड रखने के मामले में दोषी ठहराया गया था।
गुरुवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस मामले में दोनों की सज़ा निलंबित करते हुए ज़मानत दे दी थी। इसके बाद शनिवार को उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ।हालांकि, आज़म ख़ान की रिहाई की ख़ुशी ज़्यादा देर नहीं टिक सकी। जेल के बाहर पहले से मौजूद ED की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
ED ने 14 अक्टूबर को इस मामले में केस दर्ज किया था। एजेंसी ने जौहर यूनिवर्सिटी की ज़मीन और इमारत को भी PMLA के तहत अटैच किया है।आज़म ख़ान को जब ED की टीम अपनी गाड़ी में बैठा रही थी, उस दौरान उन्होंने बेहद मायूस लहजे में कहा, “कहने को क्या है? क्या कहने को है? कहने को रहा क्या है?”मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, आज़म ख़ान को रविवार सुबह 10 बजे गाज़ियाबाद की विशेष PMLA अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ED उनकी रिमांड की मांग कर सकती है। दूसरी ओर, उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म जेल से रिहा होकर अपने घर पहुंच गए।,
Share this content:



Post Comment