रक्षाबंधन के अवसर पर बदइंतजामी ने बढ़ाई जनता की परेशानी, जाम और खुदी सड़कों से लोग बेहाल : श्री देवेन्द्र यादव
त्योहार पर ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, जाम और जगह-जगह खुदी सड़कों से बेहाल रहे दिल्लीवासी: श्री देवेन्द्र यादव
रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के अवसर पर भाजपा सरकार की कागजी तैयारियों का खामियाजा दिल्ली की आम जनता को भुगतना पड़ा : श्री देवेन्द्र यादव

नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने कहा की रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के अवसर पर भाजपा सरकार की लापरवाही और बदइंतजामी के कारण राजधानी की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा । प्रमुख बाजारों, सड़कों और आवागमन वाले मार्गों पर ट्रैफिक की स्थिति बेहद खराब रही, लेकिन सरकार और संबंधित एजेंसियां केवल तमाशबीन बनी रहीं।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने के बावजूद सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई और बसों की संख्या बढ़ाने अथवा अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके कारण लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा और अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानी हुई।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर जगह-जगह चल रही खुदाई ने स्थिति को और बदतर बना दिया। त्योहार से पहले खुदी हुई सड़कों और मार्गों को समय पर दुरुस्त कर यातायात के लिए सुचारू रूप से नहीं खोला गया। नतीजा यह हुआ कि संकरी सड़कों, बंद रास्तों और अव्यवस्थित यातायात के कारण कई इलाकों में लंबा जाम लगा रहा।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि रक्षाबंधन कोई अचानक आने वाला त्योहार नहीं है। सरकार और संबंधित विभागों को पहले से पता था कि इन दिनों बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ेगा। इसके बावजूद न तो ट्रैफिक प्रबंधन की पर्याप्त तैयारी की गई, न सार्वजनिक परिवहन बढ़ाया गया और न ही सड़क निर्माण एवं खुदाई के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की कागजी तैयारियों का खामियाजा दिल्ली की आम जनता को भुगतना पड़ा। जिन लोगों को रक्षाबंधन पर अपने परिवार और बहनों के साथ समय बिताना था, वे घंटों जाम और अव्यवस्थित यातायात में फंसे रहे।
श्री देवेन्द्र यादव मांग की कि सरकार इस अव्यवस्था की जिम्मेदारी तय करे और भविष्य में त्योहारों के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना लागू करे।
Share this content:



Post Comment