कलेक्ट्रेट मस्जिद के विध्वंस पर मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का सहारनपुर दौरा, ज़िम्मेदारों और वकीलों से की मुलाक़ात!

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के विध्वंस के मामले का जायज़ा लेने के लिए ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का एक प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में बोर्ड के प्रवक्ता डॉ. सैयद क़ासिम रसूल इलियास और सचिव डॉ. यासीन अली उस्मानी शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने शहर काज़ी क़ाज़ी नदीम अख़्तर के आवास पर काज़ी नदीम अख़्तर, मौलाना डॉ. अब्दुल मलिक मुग़ीसी, हैदर रऊफ, साद काज़ी और वकीलों की टीम से मुलाक़ात की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को मस्जिद विध्वंस से जुड़े पूरे घटनाक्रम, कानूनी कार्रवाई और अब तक हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आगे की रणनीति और कानूनी व संवैधानिक प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।

क़ाज़ी नदीम अख़्तर ने मामले को बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील बताते हुए सभी क़ानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।
मौलाना डॉ. अब्दुल मलिक मुग़ीसी ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक मस्जिद का नहीं, बल्कि देश में क़ानून, न्याय और आपसी सम्मान के सिद्धांतों से भी जुड़ा है।
मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय ज़िम्मेदारों और वकीलों से मिली जानकारी को गंभीरता से सुना और मामले के कानूनी पहलुओं की समीक्षा के बाद आगे की रणनीति पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
Share this content:



Post Comment