भाजपा विधायक के परिवार ने करोड़ों की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया पीजी?- सौरभ भारद्वाज

Sorabh-Bhardwaj-1024x576 भाजपा विधायक के परिवार ने करोड़ों की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया पीजी?- सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता सरकार से सत्य निकेतन स्थित भाजपा विधायक अनिल शर्मा के परिवार के अवैध पीजी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सत्य निकेतन पीजी स्कैम में जमीन की रजिस्ट्री सिर्फ 230 वर्ग गज की है, जबकि भाजपा विधायक अनिल शर्मा से जुड़ा यह अवैध पीजी लगभग 600 वर्ग गज में बना है। दिल्ली के रिंग रोड पर स्थित यह बेशकीमती सरकारी जमीन करोड़ों रुपए की है, तो क्या इस सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है? एमसीडी के बिल्डिंग प्लान के अनुसार, पीजी के लिए केवल 175 वर्ग गज पर ही निर्माण की अनुमति थी। इसलिए यह पीजी पूरी तरह से अवैध है। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता से पूछा कि क्या उनकी सरकार अपने विधायक से जुड़े के पीजी पर भी बुलडोजर चलाएगी या सिर्फ गरीबों का घर तोड़ेगी?

पीजी निर्माण पर उठे सवाल

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि 2022 में आम आदमी पार्टी की विधायक और स्थानीय लोगों ने एमसीडी कमिश्नर और दिल्ली के तत्कालीन एलजी विनय सक्सेना को लिखित शिकायतें भी दी थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई क्योंकि यह मामला भाजपा नेता अनिल शर्मा से जुड़ा था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस अवैध निर्माण पर बुलडोजर क्यों नहीं भेज रही हैं? और मंत्री आशीष सूद इस मामले पर एक शब्द भी क्यों नहीं बोल रहे हैं? उन्होंने पूछा कि क्या दिल्ली की मेन रिंग रोड पर स्थित मोती बाग गुरुद्वारे वाली रोड और शांति निकेतन इलाके में 230 वर्ग गज जमीन पर करीब 600 वर्ग गज का पीजी बन सकता है? विधायक अनिल शर्मा ने मान लिया है कि वह उनके परिवार का पीजी है। वे अब तक उस पीजी का यह कहकर बचाव कर रहे थे कि जमीन उनके पुरखों की है, एमसीडी से सब कुछ कराया गया है और उसका नक्शा पास है।

गुरुवार को हम एमसीडी दफ्तर गए थे और अफसरों की टालमटोल के बावजूद मैं खुद रिकॉर्ड रूम में बैठ गया और कंप्यूटर से रिकॉर्ड निकलवाया। अनिल शर्मा खुद एक वीडियो में कह रहे हैं कि वह पीजी करीब 500 से 600 वर्ग गज का है। लेकिन उस पीजी का जो नक्शा पास किया गया है और उसमें जो रजिस्ट्री लगाई गई है, वह मात्र 230 वर्ग गज की है।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि नियम के अनुसार 230 वर्ग गज में से भी सिर्फ 75 फीसद हिस्से को ही कवर किया जा सकता था, यानी करीब 175 वर्ग गज में ही बिल्डिंग बनाई जा सकती थी। लेकिन 2022 में करीब 500 से 600 वर्ग गज में यह आलीशान बिल्डिंग बना दी गई। उस समय स्थानीय लोगों और आम आदमी पार्टी की विधायक ने इसकी लिखित शिकायत की थी। विधायक ने लोगों की शिकायत को एलजी साहब और एमसीडी कमिश्नर सबको भेजा था, लेकिन इसके बावजूद यह बिल्डिंग बनती रही और बनकर तैयार हो गई।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गरीब लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाकर एक्शन लेने का दावा कर रही हैं, जबकि उनके अपने विधायक के परिवार का पीजी सत्य निकेतन और मोती बाग इलाके में उनकी आंखों के सामने खड़ा है। हमने सारे कागज सौंप दिए हैं, इसलिए सीएम रेखा गुप्ता को अब अपने विधायक के पीजी पर एक्शन लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उस इलाके के बारे में कहा जा रहा है कि वहां चल रहे ज्यादातर पीजी भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं के हैं। रेखा गुप्ता को उन सभी पीजी के मालिकों की सूची सार्वजनिक करनी चाहिए। वरना मतलब साफ है कि रेखा गुप्ता सब कुछ जानती हैं और वह भाजपा के उन नेताओं को खुद बचा रही हैं।

Share this content:

Previous post

मध्य प्रदेश के गुना में बुजुर्ग मुस्लिम नागरिक के सार्वजनिक अपमान और उत्पीड़न पर ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल की कड़ी प्रतिक्रिया

Next post

ब्रिक्स बिजनेस फोरम 2026: वैश्विक नेताओं और कारोबारी हस्तियों का ग्रुप फोटो

You May Have Missed