ED की गिरफ्तारी के बाद आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, डासना जेल भेजे गए

TPI Desk
गाज़ियाबाद, 1 नवंबर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म ख़ान को गाज़ियाबाद की विशेष PMLA अदालत ने रविवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत के आदेश के बाद उन्हें रामपुर जेल के बजाय गाज़ियाबाद की डासना जिला जेल में रखा गया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज़म ख़ान को मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शनिवार को हिरासत में लिया था। वह करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए थे, लेकिन रिहाई के कुछ ही देर बाद ED ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को ED की टीम कड़ी सुरक्षा के बीच आज़म ख़ान को गाज़ियाबाद की विशेष PMLA अदालत में पेश करने पहुंची। एजेंसी ने अदालत से 14 दिन की न्यायिक हिरासत मांगी, जिसे अदालत ने मंज़ूर कर लिया।
ED इस मामले में जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण और उसकी फंडिंग में कथित वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। हालांकि, ये सभी जांच एजेंसी के आरोप हैं।
पेशी के दौरान जब पत्रकारों ने आज़म ख़ान से पूछा कि क्या वह कुछ कहना चाहेंगे, तो उन्होंने मायूसी भरे अंदाज़ में जवाब दिया, ‘अब क्या रह गया है बोलने को।’
ग़ौरतलब है कि शनिवार को दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद आज़म ख़ान रामपुर जेल से बाहर आए थे। इसके तुरंत बाद ED ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
Share this content:



Post Comment