दिल्ली में 24 जुलाई आंदोलनों और अहम बैठकों का दिन: वक्फ़, छात्रों का प्रदर्शन और मुस्लिम संगठनों की रणनीति पर रहेगी सबकी नज़र
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 24 जुलाई का दिन राजनीतिक, सामाजिक और संवैधानिक मुद्दों को लेकर बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। एक ओर जंतर-मंतर पर विभिन्न छात्र संगठनों का प्रदर्शन जारी रहेगा, तो दूसरी ओर वक्फ़, समान नागरिक संहिता (UCC) और मुस्लिम समाज से जुड़े कई अहम विषयों पर महत्वपूर्ण बैठकें और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में Constitution Club of India में Indian Muslim for Civil Rights (IMCR) की ओर से मुस्लिम संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। बैठक में देशभर से मुस्लिम समाज की प्रमुख हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC), वक्फ़ कानून, बुलडोज़र कार्रवाई, मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों से जुड़े मुद्दों, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तथा इन विषयों पर मुस्लिम समाज की आगे की रणनीति पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है।
इसी दिन जमीयत उलेमा-ए-हिंद की ओर से ऑल इंडिया मुतवल्लीज़ कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी किया जाएगा। यह सम्मेलन दिल्ली के ऐवान-ए-ग़ालिब ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से मुतवल्ली, सांसद, इस्लामी विद्वान, विधि विशेषज्ञ और वक्फ़ मामलों से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वक्फ़ संपत्तियों की सुरक्षा, संरक्षण और प्रभावी प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है। कार्यक्रम को जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी सहित कई सांसद, कानूनी विशेषज्ञ और वक्फ़ मामलों के जानकार संबोधित करेंगे।
वहीं, जंतर-मंतर पर छात्र संगठन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इन प्रदर्शनों को लेकर कई राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की सक्रियता भी देखने को मिल रही है, जिससे राजधानी का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है।
एक ही दिन वक्फ़, शिक्षा, संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों ने दिल्ली को राष्ट्रीय बहस का केंद्र बना दिया है। अब देशभर की निगाहें इन बैठकों और प्रदर्शनों से निकलने वाले प्रस्तावों, बयानों और संभावित निर्णयों पर टिकी हुई हैं।
रिपोर्ट: ख़ुर्शीद रब्बानी
Share this content:



Post Comment