ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में तैयारियां चरम पर

नई दिल्ली, 4 सितंबर।(MNN)
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाले ब्रिक्स समिट-2026 के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। समिट के मद्देनजर वीआईपी मार्गों, मुख्य सड़कों, बाजारों और होटल क्षेत्रों में जहां प्रतिनिधि ठहरे हुए हैं, वहां साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, हरियाली, रखरखाव और सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने शुक्रवार को कहा कि शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप राजधानी में ‘विकसित भारत की विकसित नई दिल्ली’ की एक झलक देखने को मिलेगी।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के लिए नई दिल्ली को स्वच्छ, हरा-भरा, सुंदर और विश्व स्तरीय स्वरूप दिया जा रहा है। सम्मेलन से पहले 17 बड़े गोलचक्करों (राउंडअबाउट्स), 11 होटल परिसरों और एनडीएमसी की 10 प्रमुख इमारतों पर सजावटी लाइटिंग लगाई जा रही है। इन सभी परियोजनाओं के वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं और स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है। 9 सितंबर तक सभी कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने बताया कि 17 बड़े गोलचक्करों पर विद्युत सजावटी लाइटिंग लगाई जा रही है। इनमें पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, शांति पथ-कौटिल्य, शांति पथ-पंचशील, शांति पथ-सत्य मार्ग, आरएमएल, तीन मूर्ति, क्यू पॉइंट, क्लेरिजेस होटल, सम्राट होटल, अशोका होटल, मेथी, लोक कल्याण मेट्रो स्टेशन, मान सिंह, यॉर्क प्लेस और पीएम गोलचक्कर शामिल हैं।
चहल ने बताया कि सम्मेलन से पहले 11 बड़े होटल परिसरों को भी सजावटी लाइटों से रोशन किया जाएगा। इनमें होटल ताज पैलेस, आईटीसी मौर्य, अशोका होटल, सम्राट होटल, द लीला होटल, ताज मानसिंह, क्लेरिजेस होटल, शांगरी-ला होटल, ले मेरिडियन और इंपीरियल होटल के अलावा अन्य नामित होटल परिसर शामिल हैं। इन होटलों के आसपास की सड़कों पर मौजूद पेड़ों को भी सजावटी लाइटों से रोशन किया जाएगा।

एनडीएमसी की दस प्रमुख इमारतों और ऐतिहासिक स्थलों को भी सजावटी रोशनी से जगमगाया जाएगा। इनमें पालिका केंद्र, एनडीएमसी फेज-2, कन्वेंशन सेंटर, चंद्रलोक बिल्डिंग, आशीर्वाद ओल्ड एज होम, चरखा म्यूजियम, सेंट्रल पार्क और पालिका बाजार क्षेत्र, एएवी मंदिर मार्ग, लोक नायक भवन और चाणक्य भवन शामिल हैं।
ब्रिक्स प्रतिनिधियों के आवागमन और ठहरने वाले मुख्य मार्गों, होटल क्षेत्रों और बाजारों में विशेष सौंदर्यीकरण और सजावटी लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। इन क्षेत्रों में स्वच्छता, हरियाली, फूलों की सजावट और रोशनी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सम्मेलन से जुड़े सभी मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों का 100 प्रतिशत सत्यापन पूरा कर लिया गया है। जांच के दौरान खराब पाई गई सभी लाइटों को बदल दिया गया है, जिससे समिट के दौरान मुख्य मार्गों पर बेहतर रोशनी सुनिश्चित की जा सके। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारी के तहत लगभग 350 स्ट्रीट लाइटों पर फ्लेक्स स्टिकर लगाकर उनका कायाकल्प (फेसलिफ्ट) किया गया है।
Share this content:



Post Comment