नाबालिग के साथ कथित मारपीट एवं पत्थरबाज़ी की घटना को लेकर AIMIM प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से की मुलाक़ात

प्रेस विज्ञप्ति
लखनऊ: AIMIM प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली साहब की हिदायत पर AIMIM लखनऊ के प्रतिनिधिमंडल ने ज़िला अध्यक्ष (बौद्धिक प्रकोष्ठ) मोहम्मद ताबिश बेग की अध्यक्षता में पीड़ित परिवार से मुलाक़ात की और घटना के संबंध में परिवार से पूरी जानकारी ली।
परिवार के मुताबिक़, एक 12 वर्षीय नाबालिग बच्चे को कथित तौर पर ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने के लिए मजबूर किया गया। नारा लगाने से इनकार करने पर बच्चे के साथ मारपीट की गई और परिवार के सदस्यों के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर और पास ही हबीब मस्जिद पर पत्थरबाज़ी की गई।

घटना की जानकारी लेने के बाद AIMIM प्रतिनिधिमंडल ने उस मस्जिद का भी दौरा किया, जहाँ परिवार के अनुसार पत्थरबाज़ी की घटना हुई थी। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवार से मुलाक़ात कर उनके प्रति एकजुटता व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
AIMIM का कहना है कि इस पूरे मामले में आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना आवश्यक है। किसी भी व्यक्ति के साथ उसकी आस्था या पहचान के आधार पर ज़बरदस्ती, हिंसा या डर का माहौल पैदा करना स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। साथ ही, नाबालिग और उसके परिवार से जुड़े आरोपों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।

AIMIM की मांग है कि:
- पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- घटना में शामिल होने के आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ़ सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
- नाबालिग बच्चे और उसके परिवार के साथ हुई कथित मारपीट की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
- घर और मस्जिद पर कथित पत्थरबाज़ी की घटना की भी निष्पक्ष जांच की जाए।
- पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार का भय या दबाव न रहे।
AIMIM लखनऊ ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी लोकतांत्रिक और कानूनी माध्यमों से हरसंभव सहयोग जारी रखेगी।
Share this content:



Post Comment