भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 740.803 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा

मुंबई, 4 सितंबर।(MNN)
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 28 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिजर्व) 11.475 अरब डॉलर बढ़कर 740.803 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
आंकड़ों के मुताबिक, इस ताजा बढ़ोतरी के साथ देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार मार्च के अंत के स्तर से 49.696 अरब डॉलर और पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 46.574 अरब डॉलर अधिक हो गया है।
इसके अलावा, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक यानी विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (FCA) समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 9.337 अरब डॉलर बढ़कर 600.67 अरब डॉलर पर पहुंच गईं। एफसीए का मौजूदा स्तर मार्च के अंत की तुलना में 48.387 अरब डॉलर और एक वर्ष पूर्व की समान अवधि के मुकाबले 16.73 अरब डॉलर अधिक है।
साथ ही, आलोच्य सप्ताह में देश का स्वर्ण भंडार (गोल्ड रिजर्व) 2.191 अरब डॉलर बढ़कर 116.409 अरब डॉलर हो गया। मार्च के अंत के स्तर से स्वर्ण भंडार में 1.014 अरब डॉलर तथा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 29.641 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत का विशेष आहरण अधिकार (SDR) 18.81 अरब डॉलर रहा, जिसमें पिछले सप्ताह के मुकाबले 4.3 करोड़ (43 मिलियन) डॉलर की गिरावट दर्ज हुई। हालांकि, मार्च के अंत से अब तक एसडीआर में 18.8 करोड़ (188 मिलियन) डॉलर की वृद्धि हुई है।
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान आईएमएफ के पास देश की आरक्षित स्थिति (रिजर्व ट्रैंच पोजीशन) 1.1 करोड़ (11 मिलियन) डॉलर घटकर 4.914 अरब डॉलर रह गई, जबकि मार्च के अंत से इसमें 10.6 करोड़ (106 मिलियन) डॉलर की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है।
Share this content:



Post Comment