बिजनौर में सरकारी शिक्षक की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर!

उत्तर प्रदेश के बिजनौर ज़िले के नजीबाबाद में सरकारी स्कूल के शिक्षक नौशाद अहमद की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय सौपुरी/पुरुषोत्तमपुर के पास हुई। रिपोर्टों के मुताबिक़ स्कूल से निकलने के कुछ ही दूरी पर आरोपी गौरव राठी ने नौशाद पर गोली चलाई।
घायल नौशाद को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी गौरव राठी ख़ुद नजीबाबाद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक़ वह हथियार और कारतूस लेकर थाने पहुंचा था।
पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। बिजनौर एसपी केके बिश्नोई के मुताबिक़ आरोपी ने सरेंडर कर दिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारण का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।
नौशाद अहमद के बारे में रिपोर्टों में सामने आया है कि वह शिक्षक होने के साथ प्रॉपर्टी की ख़रीद- फरोख़्त से भी जुड़े थे। इसी वजह से पुलिस प्रॉपर्टी/लेन-देन और पुरानी रंजिश समेत अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, अभी किसी एक वजह को हत्या का आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।
Share this content:



Post Comment