फर्जी मोबाइल ऐप से सावधान! एक डाउनलोड आपकी निजी जानकारी को डाल सकता है ख़तरे में!

नई दिल्ली।22 Oct-2026
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने नागरिकों को फ़र्जी मोबाइल ऐप और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की अपील की है। मंत्रालय ने साइबर सुरक्षा जागरूकता के तहत बताया कि जालसाज मैसेज, सोशल मीडिया, वेबसाइट और विभिन्न लिंक के माध्यम से ऐसे फ़र्जी ऐप प्रसारित कर सकते हैं, जो आकर्षक ऑफर, इनाम, ज़रूरी अपडेट या किसी समस्या के तत्काल समाधान का झांसा देते हैं।
मंत्रालय के अनुसार, ऐसे ऐप के ज़रिए लोगों की निजी जानकारी, बैंकिंग क्रेडेंशियल और अन्य संवेदनशील डेटा चोरी किए जाने का ख़तरा रहता है।
जागरूकता संदेश में नागरिकों से अपील की गई है कि वे मोबाइल ऐप केवल विश्वसनीय और आधिकारिक ऐप स्टोर या सत्यापित स्रोतों से ही डाउनलोड करें। किसी ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसके डेवलपर, ऐप की जानकारी और मांगी जा रही परमिशन की जांच करना भी ज़रूरी है।
विशेष रूप से मैसेज, ई-मेल या अनजान वेबसाइट से प्राप्त APK फाइलों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। यदि कोई ऐप अपने काम से असंबंधित परमिशन मांगता है या कोई व्यक्ति ऐप इंस्टॉल करने के लिए तत्काल दबाव बनाता है, तो इसे ख़तरे की घंटी समझना चाहिए।
मंत्रालय का स्पष्ट संदेश है;
“रुकें, स्रोत की जांच करें और इंस्टॉल करने से पहले सोचें।”
साइबर सुरक्षा केवल तकनीक का विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक की जागरूकता और सावधानी से जुड़ा विषय है। छोटी-सी सतर्कता आपकी निजी और वित्तीय जानकारी को बड़े नुकसान से बचा सकती है।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
Share this content:



Post Comment