जयराम रमेश बोले- हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल थे मौलाना आज़ाद, नेहरू के साथ था गहरा रिश्ता

मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती और राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव (संचार विभाग प्रभारी) और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने मौलाना आज़ाद के ऐतिहासिक योगदान और पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ उनकी गहरी दोस्ती को याद किया।
कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में इमरान प्रतापगढ़ी की अहम भूमिका रही।
अपने संबोधन में जयराम रमेश ने कहा कि मौलाना आज़ाद धर्म के आधार पर देश के बंटवारे के सख़्त ख़िलाफ थे। उनका मानना था कि धर्म किसी राष्ट्र की बुनियाद नहीं हो सकता। उन्होंने नेहरू और मौलाना आज़ाद को भारत की साझा विरासत, आधुनिक सोच और सांप्रदायिक सद्भाव का प्रतीक बताया।
जयराम रमेश ने शिक्षा मंत्री के रूप में मौलाना आज़ाद के योगदान, IIT और UGC जैसी संस्थाओं की स्थापना तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके संघर्ष को भी याद किया। उन्होंने अपील की कि हर साल 11 नवंबर को मौलाना आज़ाद के विचारों और योगदान पर गंभीर चर्चा हो, ताकि नई पीढ़ी उनके इतिहास से परिचित हो सके।
Share this content:



Post Comment