जामिया में छात्रों की हड़ताल पर बड़ा अपडेट: प्रशासन ने जारी किया समझौते का आदेश, कुछ छात्र अब भी प्रदर्शन पर कायम

नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव और अन्य मांगों को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने 26 अक्टूबर 2026 को एक आधिकारिक आदेश जारी किया है। प्रशासन के मुताबिक़, भूख हड़ताल कर रहे छात्रों और उनके प्रतिनिधियों की मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रदर्शन ख़त्म करने का फ़ैसला लिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार:
1: छात्र संघ का संविधान मंज़र होने की तारीख़ से 15 दिनों के भीतर छात्र संघ चुनाव कराए जाएंगे।
2: प्रदर्शन के दौरान छात्रों को जारी किए गए निलंबन और कारण बताओ नोटिस वापस लिए जाएंगे।
3: प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों की कार्रवाई की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी।
4: छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के ख़िलाफ की गई मानहानिकारक टिप्पणियों, कार्रवाइयों और सोशल मीडिया पोस्ट के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए सार्वजनिक माफी मांगने की बात भी कही है। संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया से हटाई जाएंगी।
आदेश में कहा गया है कि इसके जारी होते ही प्रदर्शन तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।
हालांकि, विरोध पूरी तरह ख़त्म नहीं हुआ है। कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों ने कथित समझौते पर असंतोष जताते हुए कहा है कि वे बातचीत और समझौते से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि वे अपना प्रदर्शन और हड़ताल जारी रखेंगे।
ऐसे में सवाल है कि क्या विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच हुआ यह समझौता विवाद को पूरी तरह ख़त्म कर पाएगा, या जामिया में छात्र आंदोलन आगे भी जारी रहेगा?
Share this content:



Post Comment