National
Social Media
#CrimeNews, #LawAndOrder, #MohammadSharif, #Rampur, #UttarPradesh
Basit Nadwi
1 सप्ताह ago
0 Comments
उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2007 के CRPF कैंप हमले के मामले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक़, 52 वर्षीय मोहम्मद शरीफ अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। बताया गया है कि वह पुलिस थाने में वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करके निकले थे। थाने से करीब 200 से 300 मीटर की दूरी पर पनवड़िया गांव के पास दूसरी बाइक पर आए हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमले में शरीफ की मौत हो गई।
पुलिस का क्या कहना है?
रामपुर पुलिस के मुताबिक़, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौक़े पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हत्या का मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल हत्या के कारणों का ख़ुलासा नहीं हुआ है।
क्या था CRPF कैंप हमले का मामला?
31 दिसंबर 2007 और 1 जनवरी 2008 की दरमियानी रात रामपुर स्थित CRPF ग्रुप सेंटर पर हुए हमले में सात CRPF जवानों और एक रिक्शा चालक की जान गई थी। इस मामले में मोहम्मद शरीफ को आरोपी बनाया गया था। नवंबर 2019 में रामपुर की अदालत ने उन्हें मौत की सज़ा सुनाई थी।
अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले में सुनाई गई मौत की सज़ा और आतंकवाद एवं हत्या से जुड़ी दोषसिद्धि को पलट दिया था। हालांकि, प्रतिबंधित हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत सज़ा बरक़रार रखी गई थी।
अब इस मामले में हाईकोर्ट से राहत मिलने के क़रीब एक साल बाद शरीफ की हत्या ने उत्तर प्रदेश की क़ानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग़ौरतलब है कि अप्रैल 2023 में प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की भी पुलिस हिरासत में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन हमलावरों को पुलिस ने मौक़े पर ही गिरफ्तार कर लिया था।
एक बार फिर सवाल है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस की मौजूदगी और थाने के इतने क़रीब इस तरह की हत्याएं आखिर क़ानून-व्यवस्था की स्थिति पर क्या सवाल खड़े करती हैं?
Share this content:



Post Comment