“साथ निभाएँ, प्रदूषण घटाएँ”
दिल्ली सरकार ने हर नागरिक को वायु प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में भागीदार बनाने के लिए प्रदूषण मुक्त दिल्ली अभियान की शुरुआत की
IEC अभियान सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक चलेगा, जागरूकता के साथ सार्थक कार्रवाई पर जोर
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने नागरिकों, उद्योगों, संस्थानों और समुदायों से दिल्ली के स्वच्छ वायु मिशन में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया

नई दिल्ली, 06 सितंबर, 2026: माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण को कम करने और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर और व्यापक प्रयास कर रही है। इन प्रयासों में प्रवर्तन, तकनीकी हस्तक्षेप, हितधारकों की भागीदारी और जनसहभागिता को समाहित किया गया है। इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार ने एक व्यापक शहरव्यापी सूचना, शिक्षा एवं संचार (Information, Education and Communication-IEC) एवं जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसका संदेश स्पष्ट है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई तभी सफल हो सकती है, जब सरकार की मजबूत कार्रवाई के साथ नागरिकों और सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित हो।
माननीय दिल्ली के पर्यावरण मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “दिल्ली सरकार वायु प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए पूरी गंभीरता और निरंतरता के साथ कार्य कर रही है। सरकार हर स्तर पर प्रवर्तन को मजबूत कर रही है और व्यापक उपाय लागू कर रही है। लेकिन स्वच्छ हवा की लड़ाई केवल सरकार के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। प्रत्येक नागरिक, प्रत्येक संस्थान और प्रत्येक हितधारक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।”
माननीय पर्यावरण मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा के मार्गदर्शन में और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) द्वारा संचालित यह अभियान सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक “साथ निभाएँ, प्रदूषण घटाएँ” थीम के तहत चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से दिल्ली के विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थानों, उद्योगों, समुदायों और नागरिकों को एकजुट करते हुए स्वच्छ और स्वस्थ वायु के लिए एक निरंतर एवं सामूहिक जनआंदोलन तैयार किया जाएगा।
दिल्ली सरकार का दृढ़ विश्वास है कि दिल्ली के स्वच्छ वायु मिशन में नागरिक महत्वपूर्ण हितधारक हैं। नियामक और प्रवर्तन संबंधी उपायों के साथ-साथ वायु गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए जागरूकता बढ़ाना, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से यह अभियान पर्यावरण संबंधी जागरूकता को केवल जानकारी तक सीमित न रखते हुए उसे कार्रवाई में बदलने पर जोर देगा। इसके माध्यम से नागरिकों को प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों के बारे में जागरूक किया जाएगा और उन्हें सरल एवं व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जाएगी, जिनके माध्यम से व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयास स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने में योगदान दे सकते हैं।
एक सतत शहरव्यापी जनआंदोलन
आने वाले महीनों में दिल्लीभर में जागरूकता, संवेदनशीलता एवं हितधारक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। स्कूलों और कॉलेजों, उद्योगों, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs), बाजारों, निर्माण क्षेत्र से जुड़े हितधारकों, बल्क वेस्ट जेनरेटर्स (Bulk Waste Generators), किसानों, वाहन मालिकों और आम नागरिकों को लक्षित गतिविधियों के माध्यम से अभियान से जोड़ा जाएगा।
अभियान के तहत कार्यशालाएँ, सामुदायिक कार्यक्रम, जागरूकता एवं संवेदनशीलता अभियान, कैपेसिटी बिल्डिंग सत्र, जमीनी स्तर की गतिविधियाँ तथा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जनसंपर्क को और व्यापक बनाने के लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन, होर्डिंग्स, पोस्टर, रेडियो जिंगल्स, नुक्कड़ नाटक, पुस्तिकाएँ तथा अन्य रचनात्मक और संवादात्मक गतिविधियों का भी उपयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदूषण से संबंधित जानकारी और उसके समाधान को प्रत्येक नागरिक के लिए सरल,प्रासंगिक और व्यवहार में लाने योग्य बनाना है।
उद्देश्य स्पष्ट है—दिल्ली के प्रत्येक निवासी को जागरूक, सहभागी और प्रदूषण कम करने के प्रयासों में योगदान देने के लिए सक्षम बनाना।
दिल्ली के स्वच्छ वायु मिशन में उद्योगों की भागीदारी
हितधारकों से संवाद के तहत दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्रों में कई जिला-स्तरीय कार्यशालाएँ आयोजित की हैं। इनमें औद्योगिक संगठनों, व्यक्तिगत औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य संबंधित हितधारकों के साथ संवाद किया गया।
इन कार्यशालाओं में ऑनलाइन कंटीन्यूअस एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OCEMS), वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों (APCDs) की स्थापना एवं उनके प्रभावी संचालन, डीजी सेट (DG Sets) से संबंधित अनुपालन आवश्यकताओं तथा निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण मानकों और प्रक्रियाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस पहल का उद्देश्य केवल एनफोर्समेंट तक सीमित रहने के बजाय जागरूकता, अनुपालन और साझेदारी को बढ़ावा देना है, ताकि उद्योग दिल्ली के स्वच्छ वायु मिशन में सक्रिय हितधारक बनें। औद्योगिक इकाइयों को निर्धारित पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप संचालन करने तथा अधिक स्वच्छ और जिम्मेदार कार्यप्रणालियों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया है।
माननीय दिल्ली के पर्यावरण मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “हमारा दृष्टिकोण स्पष्ट है—विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी साथ-साथ चलनी चाहिए। उद्योग, संस्थान और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान दिल्ली को स्वच्छ हवा दिलाने की यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। इस अभियान के माध्यम से हमारा उद्देश्य जागरूकता बढ़ाना, अनुपालन को प्रोत्साहित करना और यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक हितधारक समझे कि सतत विकास और प्रदूषण नियंत्रण एक-दूसरे के पूरक उद्देश्य हैं।”
जमीनी स्तर की कार्रवाई के साथ अभियान की शुरुआत
अभियान की शुरुआत विभिन्न विभागों और हितधारकों द्वारा की जा रही कई जमीनी स्तर की गतिविधियों के साथ हो चुकी है।नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने अपने स्वच्छता कर्मचारियों के साथ IEC गतिविधियाँ आयोजित कीं। वहीं, कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में कार्यरत गैर-सरकारी संगठन चिंतन (Chintan) ने “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी – स्वच्छता अभियान 2026” के तहत लोधी गार्डन और चाणक्य मॉल में हाउसकीपिंग कर्मचारियों के लिए ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (Training of Trainers) सत्र आयोजित किए।
परिवहन विभाग ने PUC अनुपालन, वाहनों से होने वाले प्रदूषण, समय पर वाहन सर्विसिंग, उपयोग की अवधि पूरी कर चुके वाहनों (End-of-Life Vehicles) के जिम्मेदार निस्तारण, स्वच्छ ईंधन, इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) और दिल्ली EV नीति पर केंद्रित जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित कीं तथा परिवहन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को अभियान से जोड़ा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी 300 विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
हम सब मिलकर प्रदूषण को कम कर सकते हैं
ये गतिविधियाँ केवल शुरुआत हैं। आने वाले महीनों में दिल्ली सरकार पूरे शहर में जागरूकता, जनसंपर्क और हितधारक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों की एक सतत श्रृंखला आयोजित करेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदूषण नियंत्रण केवल सरकार का कार्यक्रम न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी वाला सामूहिक जनआंदोलन बने।
दिल्ली सरकार वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए मजबूत और निरंतर कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, नागरिकों, उद्योगों, संस्थानों और समुदायों को भी भागीदार के रूप में मिलकर कार्य करना होगा, क्योंकि स्वच्छ हवा एक साझा जिम्मेदारी है और स्थायी बदलाव सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।
“साथ निभाएँ, प्रदूषण घटाएँ” अभियान के माध्यम से प्रयास है कि दिल्ली का प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक हितधारक स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में जागरूक और सक्रिय भागीदार बने।
दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई अब जागरूकता से कार्रवाई की ओर, प्रवर्तन से सहभागिता और साझेदारी की ओर तथा सरकारी प्रयास से सामूहिक जिम्मेदारी की ओर बढ़ रही है, हम सब साथ मिलकर हम एक स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली का निर्माण कर सकते हैं।
Share this content:



Post Comment