यूपी की सियासत में अखिलेश बनाम ओवैसी की ज़ुबानी जंग तेज़!

लखनऊ/दिल्ली: 2027 विधानसभा चुनाव से पहले Akhilesh-Owaisi के बीच बयानबाज़ी लगातार तीखी होती जा रही है। अखिलेश यादव ने ओवैसी पर तंज़ कसते हुए कहा कि “डोरी ख़त्म, खेल ख़त्म … वो उतना ही ऊपर जाएंगे, जितनी पीछे से ढील दी जाएगी। सवाल उड़ने का नहीं, डोरी किसके हाथ में है।”
इसके जवाब में ओवैसी लगातार अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को निशाने पर ले रहे हैं। कैराना की सभा में उन्होंने तंज़ कसते हुए कहा कि सपा का नाम ‘समाजवादी यादव परिवार’ कर देना चाहिए, क्योंकि आज़मगढ़ और फिरोज़ाबाद जैसे इलाक़ों में मुस्लिम प्रतिनिधित्व की जगह अखिलेश के परिवार के लोग आगे आए हैं।
ओवैसी ने अखिलेश पर मुज़फ्फरनगर दंगों के दौरान मुस्लिमों के साथ खड़े न होने का आरोप भी लगाया और कहा कि मुस्लिमों को अपनी स्वतंत्र राजनीतिक लीडरशिप खड़ी करनी होगी। इससे पहले वह अखिलेश के ‘रावण’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए रिवर फ्रंट और एक्सप्रेसवे की फाइलें खुलने तक का तंज कस चुके हैं।
यानी यूपी में चुनावी माहौल गरमाने के साथ ही ओवैसी और अखिलेश के बीच सियासी तक़रार भी लगातार तेज़ होती दिख रही है।
Share this content:



Post Comment