Arvind Kejrival

वोट चोरी के खिलाफ कल जंतर-मंतर पर हुंकार भरेंगे अरविंद केजरीवाल

Arvind-Kejrival वोट चोरी के खिलाफ कल जंतर-मंतर पर हुंकार भरेंगे अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली | देश के संविधान, नागरिकों के मताधिकार और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए आम आदमी पार्टी ने केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक मोर्चा खोल दिया है। देश भर में सुनियोजित तरीके से अंजाम दी जा रही वोट चोरी के खिलाफ और भारतीय लोकतंत्र की गरिमा को बचाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को स्वयं मैदान में उतर रहे हैं। वह जंतर-मंतर पर आयोजित सीजेपी और देशभर के जागरूक युवाओं के ऐतिहासिक विरोध-प्रदर्शन में सीधे तौर पर शामिल होंगे।

अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि लोकतंत्र को बचाने की इस निर्णायक लड़ाई में वह केवल अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के साथ जंतर-मंतर पर जनता की आवाज बुलंद करेंगे।

भाजपा के इशारे पर हो रही वोट चोरी के खिलाफ इस्तीफे की मांग

अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मीडिया के समक्ष खुलकर तथ्य रखते हुए केंद्र सरकार की धांधली का पर्दाफाश किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेताया कि मौजूदा व्यवस्था के तहत उन नागरिकों के नाम मतदाता सूची से धड़ल्ले से काटे जा रहे हैं जो भाजपा को वोट नहीं देते, जबकि फर्जी वोटों को अवैध तरीके से जोड़ा जा रहा है।

“केंद्र की भाजपा सरकार हमारे लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। बड़े पैमाने पर लोगों के वोट काटे जा रहे हैं। जो लोग भाजपा को वोट नहीं देते, उनके वोट काट दिए जाते हैं और फर्जी वोट जोड़ दिए जाते हैं। यह सब ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में खुलेआम चल रहा है। इसलिए, पूरा देश ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। मैं देश के सभी लोगों से अपील करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में जंतर-मंतर जाएं। यह किसी एक व्यक्ति या पार्टी की बात नहीं है, यह देश की बात है। शनिवार से जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो रहा है। मैं जाऊंगा और मेरा पूरा परिवार भी जाएगा। सभी लोग वहां जाएं।”

कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया दबाव और दमनकारी हथकंडे बेअसर

पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस विशाल प्रदर्शन से पहले शासन और प्रशासन की घबराहट को उजागर किया। उन्होंने बताया कि जंतर-मंतर पर होने वाले शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन को बाधित करने की नीयत से ‘आप’ कार्यकर्ताओं को लगातार पुलिस के फोन कॉल आ रहे हैं और उनसे पूरी निजी जानकारी मांगी जा रही है। कार्यकर्ताओं से पूछताछ की जा रही है कि वे जंतर-मंतर कब निकल रहे हैं, उनके साथ कौन-कौन लोग शामिल होंगे और वे वहां किस रास्ते से कैसे पहुंचेंगे। सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस को दो-टूक नसीहत देते हुए कहा कि पुलिस को आम जनता को मिले बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकारों को छीनने और उन पर पहरा बैठाने के बजाय अपनी वास्तविक जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए।

“जंतर-मंतर पर होने वाले इस विरोध-प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के विधायक, पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी तादाद में समर्थक शामिल होंगे। पुलिस हमारे कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में जाने से रोकने की तमाम कोशिशें कर रही है। कार्यकर्ताओं को डिटेन किया जा रहा है और डराया-धमकाया जा रहा है। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं का हौसला पूरी तरह बुलंद है। यह देश बचाने की लड़ाई है, इसलिए सभी देशवासियों को अपने वोट के अधिकार की रक्षा के लिए इस संघर्ष में आगे आना चाहिए।”

57 मेट्रो स्टेशन बंद करने की साजिश पर तीखा पलटवार

शांतिपूर्ण जनाक्रोश को दबाने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा डीएमआरसी से राजधानी के 57 मेट्रो स्टेशनों को शनिवार को बंद रखने का अनुरोध किए जाने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कड़ा प्रहार किया है। प्रशासन की इस तानाशाहीपूर्ण हरकत पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सत्ता के अहंकार को सीधे ललकारा।

“कोर्ट चुप हैं। सत्ता निरंकुश है। लोग हैं कि ज़िद पर अड़े हैं। तानाशाह के सामने, सीना तान के खड़े हैं। लोकतंत्र के सम्मान में अरविंद केजरीवाल भी शनिवार को मैदान में उतरेंगे। शनिवार को जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। रोक सको तो रोक लो। तानाशाह मोदी अब झोला उठाने का टाइम आ गया है।”

Share this content:

You May Have Missed