दिल्ली सरकार ने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ की अनिवार्यता की समय-सीमा 31 अगस्त तक बढ़ाई

त्योहारों के दौरान पिंक टिकट की सुविधा जारी रहेगी- परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह
महिला यात्री 31 अगस्त तक पिंक टिकट के माध्यम से फ्री में बस यात्रा कर सकेंगी, 1 सितंबर 2026 से पिंक स्मार्ट कार्ड जरूरी हो जाएगा
राजधानी दिल्ली में अबतक 18 लाख 13 हजार से ज्यादा ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ जारी किए जा चुके हैं, महिला यात्रियों से अपील है कि वे समय-सीमा से पहले अपना स्मार्ट कार्ड बनवा लें
त्योहारों के मौसम और रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने मौजूदा व्यवस्था को 31 अगस्त तक आगे बढ़ाने का फैसला लिया है, ताकि हमारी माताओं, बहनों और बेटियों को डीटीसी बस यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो- परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह
नई दिल्ली (16 अगस्त, 2026) महिला यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) बसों में मुफ़्त यात्रा के लिए पेपर-बेस्ड पिंक टिकट की मौजूदा व्यवस्था को 31 अगस्त, 2026 तक बढ़ा दिया है। अब 1 सितंबर, 2026 से बसों में मुफ़्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाने के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (NCMC) अनिवार्य हो जाएगा।
दिल्ली सरकार ने यह फैसला त्योहारों के मौसम और रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि त्योहारों के दौरान ज़्यादा भीड़-भाड़ के समय महिला यात्री बिना किसी परेशानी के बसों में यात्रा कर सकें। अनिवार्य समय-सीमा को बढ़ाने से पात्र महिला यात्रियों को अपने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवाने के लिए अतिरिक्त समय भी मिलेगा।

परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों का मौसम, खासकर रक्षाबंधन एक ऐसा समय होता है, जब हमारी माताएं, बहनें और बेटियां अपने परिवारों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने मौजूदा व्यवस्था को 31 अगस्त तक आगे बढ़ाने का फैसला किया है। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारों दौरान किसी भी पात्र महिला यात्री को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो।
नई व्यवस्था के अनुसार पात्र महिला यात्री 31 अगस्त तक पेपर-आधारित ‘पिंक टिकट’ का इस्तेमाल करके DTC बसों में मुफ़्त यात्रा कर सकती हैं। 1 सितंबर 2026 से मुफ़्त यात्रा की सुविधा केवल वैध ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ के जरिए ही उपलब्ध होगी।
राजधानी दिल्ली में अब तक 18 लाख 13 हजार 866 ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ जारी किए जा चुके हैं। ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने सभी डिपो मैनेजरों, रीजनल मैनेजरों, कंडक्टरों और एनफोर्समेंट स्टाफ को निर्देश दिया है कि वे बदली हुई डेडलाइन के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए जानकारी दें और महिला यात्रियों को 31 अगस्त से पहले अपने-अपने स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित भी करें। डिपो और डीटीसी बस के अंदर अनाउंसमेंट, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और दूसरे माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाए जाएं।

परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आगे कहा कि दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में हमारी सरकार सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुलभ, सुविधाजनक और तकनीक रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हम सभी पात्र महिला यात्रियों से अपील करते हैं कि वे 31 अगस्त से पहले अपने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवा लें और 1 सितंबर 2026 से बिना किसी रुकावट के बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाना जारी रखें।
Share this content:



Post Comment