H1N1 और मौसमी इन्फ्लूएंजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार सतर्क

hm3-1-1024x684 H1N1 और मौसमी इन्फ्लूएंजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार सतर्क

स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने H1N1 और मौसमी इन्फ्लूएंजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार के अस्पतालों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की

आपातकालीन सेवाओं, आइसोलेशन सुविधाओं, टेस्टिंग, दवाओं की उपलब्धता और 24×7 मेडिकल सपोर्ट को और अधिक मजबूत करने के निर्देश

अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि वे फ्लू के लिए डेडिकेटेड फ्लू कॉर्नर बनाएं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष देखभाल की व्यवस्था करें और जरूरी मेडिकल सामान का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश

दिल्ली के नागरिकों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अब तक अस्पतालों में आए ज़्यादातर मरीज़ों में हल्का बुख़ार और दूसरे अन्य सामान्य लक्षण पाए गए हैं और वे एक-दो दिन में ठीक हो गए हैं। दिल्ली सरकार के अस्पताल पूरी तरह से तैयार हैं- स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह

नई दिल्ली ( 26 अगस्त, 2026)।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आज दिल्ली सरकार के विभिन्न अस्पतालों के मेडिकल डायरेक्टर (MD) और मेडिकल सुपरिटेंडेंट (MS) के साथ एक वर्चुअल समीक्षा बैठक की। इस बैठक का मकसद H1N1, मौसमी इन्फ्लूएंजा और सांस से जुड़ी अन्य बीमारियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। वर्चुअल बैठक में स्वास्थ्य सचिव, विशेष सचिव और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस बैठक में अस्पतालों की इमरजेंसी सेवाओं को और अधिक मजबूत करने और अस्पतालों में आइसोलेशन बेड, डॉक्टर, जांच की सुविधाएं, ज़रूरी दवाएं और अन्य अहम संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में H1N1 के 138 मामले सामने आए हैं, जिससे वर्ष 2026 में दिल्ली में H1N1 मामलों की कुल संख्या 2446 हो गई। वहीं, दिल्ली में अब तक इन्फ्लूएंजा-A के मामलों की कुल संख्या 3177 दर्ज किए गए हैं।

hm-1024x684 H1N1 और मौसमी इन्फ्लूएंजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार सतर्क

सभी अस्पतालों को निर्देश दिया गया कि वे कम से कम पांच आइसोलेशन बेड तैयार रखें, जबकि बड़े अस्पतालों में इन्फ्लूएंजा और वेक्टर-जनित बीमारियों के मामलों के प्रबंधन के लिए 10 या उससे ज़्यादा आइसोलेशन बेड सुनिश्चित करने को कहा गया है। माननीय मंत्री महोदय ने अस्पतालों को यह भी निर्देश दिए हैं कि वे शिफ्ट के हिसाब से ड्यूटी रोस्टर, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ़ की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करें। बैठक में बच्चों और बुज़ुर्गों पर विशेष ध्यान देने पर ज़ोर दिया गया। अस्पतालों को निर्देश दिए गए कि वे संवेदनशील आयु वर्गो के मरीजों की समय पर जांच और उचित देखभाल सुनिश्चित करें।

स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने अस्पतालों को यह भी निर्देश दिया कि वे इमरजेंसी विभागों में समर्पित ‘फ्लू कॉर्नर’ बनाएं और इमरजेंसी ड्यूटी के लिए सीनियर रेजिडेंट्स डॉक्टरों को तैनात करें। जिन संदिग्ध मरीज़ों में लक्षण दिखें, उनकी तुरंत जांच होनी चाहिए और जहां जरूरी हो, वहां स्वैब सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएं। अस्पतालों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि वायरल ट्रांसपोर्ट मीडियम (VTM) और सांस से जुड़े सैंपल लेने और जांच के लिए ज़रूरी अन्य सामान पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों।

RG5-2-856x1024 H1N1 और मौसमी इन्फ्लूएंजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार सतर्क

बैठक में अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अस्पताल प्रशासन को जरूरी दवाओं की उपलब्धता पर नियमित रिपोर्ट देने और पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जहां भी ज़रूरी हो अस्पतालों को सलाह दी गई है कि वे मरीज़ों की देखभाल में किसी भी तरह की रुकावट से बचने के लिए ज़रूरी दवाओं की स्थानीय स्तर पर खरीद करें।

माननीय मंत्री महोदय ने इन्फ्लूएंजा के लक्षणों, सावधानियों और सही इलाज के लिए ज़रूरी व्यवहार के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मरीज़ों और उनके साथ आने वाले लोगों के लिए ज़रूरी जानकारी वाले साफ़ और आसानी से दिखने वाले बैनर लगाने पर भी विशेष बल दिया। विशेष रूप से आपातकालीन विभागों और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर ऐसी सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को इन्फ्लुएंजा के लक्षणों, बचाव के उपायों और उचित समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के संबंध में जागरूक किया जा सके।

बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस समीक्षा बैठक का मकसद अस्पतालों की तैयारियों को और ज्यदा मजबूत करना और यह सुनिश्चित करना है कि हर अस्पताल किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम हो और साथ ही लोगों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक घबराहट न हो।

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि यह बैठक सिर्फ़ निर्देश देने के लिए नहीं थी, बल्कि हमारे अस्पतालों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। हमारे डॉक्टर और मेडिकल टीमें पूरी मेहनत के साथ बेहतरीन काम कर रही हैं। हमने बेड, टेस्टिंग सुविधाओं, दवाओं और इमरजेंसी सेवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की है ताकि मरीज़ों की देखभाल में कोई कमी नहीं रहे।

स्वास्थ्य मंत्री ने राजाधानी दिल्ली के सभी नागरिकों से सतर्क रहने के साथ सलाह दी कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने सांस से जुड़ी स्वच्छता, सही तरीके से मास्क पहनने, हाथों की सफाई, खांसते-छींकते समय ज्यादा सावधानी बरतने और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर लोगों को जाने से बचने (खासकर लक्षण होने पर) के महत्व पर फिर से विशेष ज़ोर दिया। जिन नागरिकों में फ्लू जैसे लक्षण दिख रहे हैं, खासकर जो लोग ज़्यादा जोखिम वाले समूहों में आते हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे तुरंत डॉक्टर से सलाह लें और खुद से दवा लेने से बचें।

स्वास्थ्य विभाग इन्फ्लूएंज़ा के ट्रेंड और अस्पतालों की तैयारियों पर लगातार निगरानी कर रहा है। इसमें समय पर टेस्टिंग, आइसोलेशन के लिए पर्याप्त क्षमता, जरूरी दवाओं की उपलब्धता और बिना रुकावट इमरजेंसी सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी टेस्टिंग और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध हैं, इसलिए दिल्ली के नागरिकों को घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है।

Share this content:

Previous post

‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ की ऐतिहासिक शुरुआत, पात्र महिलाओं को सौंपे गए स्वीकृति पत्र, 1 सितंबर से खातों में आएगी 2,500 रुपये की राशि

Next post

LoP (LS), Shri Rahul Gandhi, attended a discussion on “On War and Peace: Violence is Not an Option,” organised by the AZK Foundation at Jawahar Bhawan

You May Have Missed