IYC प्रतिनिधिमंडल ने बांकुड़ा में अब्दुल हफीज के परिवार से की मुलाकात, पिता की मौत मामले में कार्रवाई की मांग

बांकुड़ा, पश्चिम बंगाल | 18 अगस्त 2026
इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले का दौरा किया और मोहम्मद अब्दुल हफीज के परिवार से मुलाकात की। हफीज के पिता अब्दुल मफीक की 15 अगस्त को मौत हो गई थी। परिवार के मुताबिक, 13 अगस्त को उन पर और उनके बेटे पर कथित तौर पर हमला किया गया था।
परिवार का आरोप है कि हमले में अब्दुल मफीक गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल सका। परिवार ने स्थानीय पुलिस पर भी आरोप लगाया कि उसने हमलावरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों का पक्ष लिया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी और रिपोर्टों के अनुसार, 25 वर्षीय अब्दुल हफीज अपने गांव के एक स्थानीय सरकारी स्कूल की जर्जर स्थिति को सुधारने के लिए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रहे थे। उन्होंने स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 13 अगस्त की रात स्थानीय बीजेपी समर्थित कार्यकर्ताओं और असामाजिक तत्वों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया।
हफीज पर हुए हमले के दौरान जब उनके पिता अब्दुल मफीक (50 वर्ष) उन्हें बचाने आए, तो हमलावरों ने उन पर लोहे की छड़ों और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं स्थानीय नेतृत्व एवं नेताओं ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि इस हिंसा में पार्टी की कोई संलिप्तता नहीं है और आरोपी केवल असामाजिक तत्व हैं
बताया गया है कि अब्दुल हफीज ने अपने गांव के एक सरकारी स्कूल की खराब स्थिति को सामने रखते हुए वहां बेहतर सुविधाओं की मांग की थी। परिवार का आरोप है कि इसके बाद स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर हमला किया और हफीज तथा उनके पिता के साथ मारपीट की।

परिवार ने IYC प्रतिनिधिमंडल को बताया कि पुलिस ने 16 अगस्त को, यानी अब्दुल मफीक की मौत के बाद FIR दर्ज की। परिवार का यह भी दावा है कि अभी केवल कुछ आरोपियों की पहचान हुई है और स्थानीय पुलिस ने कथित तौर पर स्थानीय विधायक से आरोपियों के संबंध होने के कारण उन्हें संरक्षण दिया।
IYC के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संगठन इस मुश्किल समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए IYC कार्यकर्ता कानूनी और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
IYC की प्रमुख मांगें:
- इंडस विधानसभा क्षेत्र के विधायक निर्मल कुमार धारा के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले में उनकी कथित भूमिका की गहन जांच की जाए।
- स्थानीय पुलिस थाने और पुलिसकर्मियों की भूमिका की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
- हमले में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
- अब्दुल मफीक की मौत और परिवार पर हुए हमले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराई जाए।

IYC ने प्रशासन को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में ठोस कार्रवाई के लिए 7 दिन का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो भारतीय युवा कांग्रेस कोलकाता में मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करेगी।
IYC का कहना है कि अब्दुल हफीज ने केवल अपने गांव के सरकारी स्कूल की स्थिति सुधारने और नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाओं की मांग उठाई थी। संगठन ने आरोप लगाया कि इसी वजह से उनके परिवार को निशाना बनाया गया और उनके पिता की जान चली गई।
भारतीय युवा कांग्रेस ने इसे केवल एक परिवार का मामला नहीं बताते हुए कहा कि यह हर नागरिक के अपने अधिकारों और व्यवस्था पर सवाल उठाने की आजादी से जुड़ा मुद्दा है। संगठन ने राजनीतिक हिंसा और अपनी आवाज उठाने वाले नागरिकों पर हमलों के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है
Share this content:



Post Comment