एलन मस्क ने फिर साधा मुकेश अंबानी पर निशाना, बोले; ‘प्रधानमंत्री अंबानी’

टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक इंटरनेट सेवा शुरू होने में हो रही देरी को लेकर एक बार फिर मुकेश अंबानी पर तंज़ कसा है। मस्क ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में उन्हें ‘प्रधानमंत्री अंबानी’ संबोधित करते हुए भारत में इंटरनेट सेवाओं पर एकाधिकार का आरोप लगाया और स्टारलिंक को प्रतिस्पर्धा का मौक़ा देने की अपील की।
मस्क ने कहा कि स्टारलिंक दूर-दराज़ के इलाक़ों में इंटरनेट की पहुंच बढ़ाने, बच्चों की शिक्षा और छोटे कारोबारों के लिए वैश्विक बाज़ार तक पहुंच बनाने में मदद कर सकता है। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं के दौरान संचार व्यवस्था बहाल रखने में भी स्टारलिंक की भूमिका का ज़िक्र किया।
ग़ौरतलब है कि दो दिन पहले भी मस्क ने सवाल उठाया था कि क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं। इस पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जवाब दिया था, “Welcome to India, Elon. Wait till you discover the other guy.” मस्क ने राहुल को धन्यवाद देते हुए कहा था कि यह स्थिति चिंताजनक है।
हालांकि, केंद्र सरकार ने स्टारलिंक को लेकर पक्षपात के आरोपों को ख़ारिज किया है। सरकार के मुताबिक़, स्टारलिंक सहित सैटेलाइट इंटरनेट क्षेत्र की कंपनियों के लिए सुरक्षा संबंधी मंज़ूरियों और स्पेक्ट्रम से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी होना ज़रूरी है।
Share this content:



Post Comment