IPS बुशरा बानो के ट्रांसफर पर इमरान प्रतापगढ़ी ने उठाए सवाल, बोले: ‘ये कैसा भारत बना रहे हैं?

कांग्रेस सांसद और शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में तैनात IPS अधिकारी बुशरा बानो के ट्रांसफर को लेकर सवाल उठाए हैं। इमरान प्रतापगढ़ी ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि एक वीडियो संदेश में युवाओं से संवाद के दौरान बुशरा बानो द्वारा “इंशाअल्लाह” और “जज़ाकअल्लाह” जैसे सामान्य अरबी-उर्दू शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के बाद एक टीवी चैनल ने वीडियो को सनसनीख़ेज़ तरीक़े से प्रसारित किया और उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस सांसद का आरोप है कि इसके अगले ही दिन राज्य सरकार ने बुशरा बानो का ट्रांसफर कर उन्हें “साइडलाइन” कर दिया। हालांकि, ट्रांसफर के आधिकारिक कारणों को लेकर स्वतंत्र पुष्टि सामने आना बाकी है।
इमरान प्रतापगढ़ी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए लिखा कि BRICS सम्मेलन में मुस्लिम देशों के राष्ट्राध्यक्षों से गर्मजोशी से मुलाक़ात करने वाली सरकार के दौर में एक महिला IPS अधिकारी के साथ ऐसा व्यवहार क्यों?
उन्होंने सवाल किया, “ये कैसा भारत बना रहे हैं नरेंद्र मोदी जी आप?” साथ ही उन्होंने IPS Association से भी इस मामले को देखने की अपील की।
Share this content:



Post Comment